वनामकृ विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह में इस शैक्षणिक वर्ष के विभिन्न संकायों से स्नातक, स्नातकोत्तर और आचार्य (पीएच.डी.) की उपाधि पूर्ण करने वाले कुल 3हजार 114 स्नातकों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें आचार्य (पीएच.डी.) के 29, स्नातकोत्तर के 292 और स्नातक पाठ्यक्रम के 2 हजार 793 पात्र विद्यार्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर कृषि और कृषि-पूरक उद्योग क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को ‘डॉक्टर ऑफ सायन्स’ (मानद) उपाधि तथा ‘कृषिरत्न’ मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, मराठवाड़ा के सभी आठ जिलों के प्रगतिशील किसानों को ‘किसान वैज्ञानिक पुरस्कार’ (शेतकरी शास्त्रज्ञ पुरस्कार) और ‘नवोन्मेषी किसान पुरस्कार’ (नाविन्यपूर्ण शेतकरी पुरस्कार) प्रदान कर गौरवान्वित किया जाएगा, जिसमें महिला किसानों का भी समावेश होगा।
विश्वविद्यालय के 28 वें दीक्षांत समारोह तक कृषि एवं संबद्ध शाखाओं से कुल 72 हजार 101 स्नातक उत्तीर्ण हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त, कृषि डिप्लोमा पाठ्यक्रम के 61 हजार ,381 तथा उद्यानविद्या पाठ्यक्रम के 1हजार,424 प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। इस प्रकार, विश्वविद्यालय ने कुल लाख,34 हजार ,906 कुशल मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
माननीय कुलगुरु प्रो. डॉ. इन्द्र मणि ने जानकारी देते हुए बताया कि दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2025-–26 के विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र स्नातकों को विश्वविद्यालय और दानदाताओं द्वारा निर्धारित स्वर्ण पदक, रजत पदक एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर अतिथियों के शुभ हाथों से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान कुल 64 पदक और प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे, जिनमें 14 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दानदाताओं द्वारा दिए जाने वाले 14 स्वर्ण पदक, 1 रजत पदक, 10 नकद पुरस्कार प्रमाण पत्र तथा 25 स्नातकोत्तर मेरिट (गुणवत्ता) प्रमाण पत्र शामिल हैं।
उपाधि प्राप्त करने वाले स्नातकों की सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। वेबसाइट पर प्रकाशित अधिसूचना में सूचीबद्ध स्नातकों को ही दीक्षांत शोभायात्रा (दीक्षांत दिंडी) में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, अतः केवल सूची में शामिल स्नातक ही कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहें। पात्र विद्यार्थियों के अतिरिक्त विश्वविद्यालय के अन्य छात्र, अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय के यूट्यूब चैनल (https://www.youtube.com/@vnmkv) पर देख सकेंगे।
समारोह में उपस्थित रहने वाले आचार्य (पीएच.डी.) उपाधि धारक स्नातकों तथा स्वर्ण पदक, रजत पदक, नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्रों के लिए चयनित विद्यार्थियों को मंच से उपाधि व पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। अन्य सभी स्नातकों के उपाधि प्रमाण पत्र उसी दिन संबंधित महाविद्यालयों और विभागों में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। दीक्षांत समारोह निर्धारित समय पर शुरू होगा, इसलिए सभी संबंधित स्नातकों को विद्वत शोभायात्रा में शामिल होने के लिए कार्यक्रम स्थल पर एक घंटे पूर्व पहुंचना अनिवार्य है।
शोभायात्रा में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं, आमंत्रित अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष ड्रेस कोड (वस्त्रसंहिता) लागू किया गया है। इसके तहत छात्रों, पुरुष अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा, जबकि छात्राओं, महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए क्रीम रंग का सलवार-कमीज या साड़ी-ब्लाउज पहनना अनिवार्य है। राष्ट्रीय स्तर के कई विश्वविद्यालयों की तर्ज पर इस विश्वविद्यालय ने भी पिछले दीक्षांत समारोह से इस सकारात्मक बदलाव को अपनाया है। समारोह की गरिमा बनाए रखने के लिए अन्य सभी प्रतिभागियों से भी इसी वस्त्रसंहिता का पालन करने की अपेक्षा की गई है। शोभायात्रा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह से एक दिन पहले अपने संबंधित विभाग से ‘विद्या वस्त्र’ (स्टोल) प्राप्त करना होगा।
इस पत्रकार वार्ता में अनुसंधान निदेशक डॉ. भगवान आसेवार, विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. राकेश अहिरे, कुलसचिव श्री पुरभा काळे, नियंत्रक श्रीमती भाग्यश्री जाधव, उपकुलसचिव डॉ. गजानन भालेराव, मुख्य विस्तार शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रशांत देशमुख और सहायक कुलसचिव श्री सुरेश हिवराळे सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शंकर गणपत पुरी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।