राज्यशिक्षा

वझूर की ‘पेबल आर्ट’ का आईआईटीएफ 2026 में चयन!

परभणी की दिव्यसृष्टि नेचुरल आर्ट्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर; दिल्ली में दिखेगी महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत के साथ प्राकृतिक हस्तकला की झलक

​परभणी : परभणी जिले की पूर्णा तहसील के वझूर गांव के प्राकृतिक पत्थरों (कंकड़ों) से तैयार की जाने वाली अनूठी ‘पेबल आर्ट’ कला को अब राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलने जा रही है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित 45वें ‘इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026’ में सहभागिता के लिए ‘दिव्यसृष्टि नेचुरल आर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ का चयन किया गया है। इस मंच के माध्यम से ‘WAZUR HASTKALA – PEBBLE ART’ ब्रांड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रस्तुत किया जाएगा।

​संस्था के संस्थापक एवं निदेशक प्रल्हाद भगवानराव पवार वर्ष 2014 से पेबल आर्ट के निर्माण, अनुसंधान, प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए कार्यरत हैं। इस कार्य में श्रीमती मोहिनी पवार, श्री भगवान पवार और श्रीमती रुक्मिणी पवार का विशेष सहयोग मिल रहा है। इससे पूर्व भी संस्था ने नई दिल्ली के नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम, ललित कला अकादमी, आईआईटीएफ 2023, केरल की कुदुंबश्री प्रदर्शनी तथा रामपुर के हुनर हाट जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया है।

​कलाकृतियों के माध्यम से सामाजिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विषयों की झलक

​संस्था द्वारा चवदार तालाब सत्याग्रह पर आधारित लगभग 4,500 प्राकृतिक कंकड़ों से निर्मित भव्य कलाकृति, श्री रामेश्वर महादेव पालकी, और ‘The Silent Plea – A Farmer’s Cry’ जैसी कृतियां विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही हैं। इसके अतिरिक्त, नई दिल्ली स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) मुख्यालय के बोर्ड मीटिंग हॉल में भी संस्था की पेबल आर्ट कलाकृति स्थापित की गई है।

​राष्ट्रीय स्तर पर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में, नई दिल्ली में भारतीय गुणवत्ता परिषद के कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर अतिथियों को वझूर के प्राकृतिक कंकड़ों से बने विशेष पेबल आर्ट स्मृतिचिह्न भेंट किए गए थे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में गणमान्य व्यक्तियों को ये कलात्मक स्मृतिचिह्न प्रदान किए गए। ग्रामीण क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों से बनी इस कला को राष्ट्रीय संस्थानों के महत्वपूर्ण आयोजनों में स्थान मिलना संस्था के लिए गौरव की बात है। प्रल्हाद पवार को पेबल आर्ट से संबंधित कॉपीराइट भी प्राप्त हो चुके हैं।

​प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण रोजगार सृजन का प्रयास

​पेबल आर्ट को केवल कला निर्माण तक सीमित न रखते हुए, ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने के लिए संस्था ने अब तक लगभग 15 प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया है। आगामी समय में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के माध्यम से पेबल आर्ट प्रशिक्षण आयोजित करने की योजना है। इसके अंतर्गत ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

​‘इनव्हेस्ट परभणी 2030’ के तहत प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र का प्रस्ताव

​‘ईनव्हेस्ट परभणी जिला 2030’ पहल के अंतर्गत परभणी जिले में पेबल आर्ट हस्तकला के विकास के लिए प्रशिक्षण, रोजगार सृजन, कला निर्माण और अनुसंधान केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव संस्था द्वारा प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से वझूर के प्राकृतिक कंकड़ों से जुड़ी इस पारंपरिक कला अवधारणा को आधुनिक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।आईआईटीएफI 2026 में महाराष्ट्र के सांस्कृतिक वैभव को विशेष स्थान

​इस वर्ष के 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में महाराष्ट्र राज्य को ‘भागीदार राज्य’ (Partner State) का दर्जा मिला है। 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित इस मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। महाराष्ट्र शासन और महाराष्ट्र राज्य लघु उद्योग विकास निगम (MSSIDC) की ओर से 24 नवंबर को महाराष्ट्र सांस्कृतिक दिवस के अवसर पर ‘द फोक आख्यान’ (The Folk आख्यान) नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करकमलों द्वारा होगा, जिसमें उद्योग मंत्री उदय सामंत और उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ. पी. अनबलगन की प्रमुख उपस्थिति रहेगी।

​इस राष्ट्रीय मंच पर महाराष्ट्र की लोककला, सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण उद्यमिता के साथ-साथ वझूर की पेबल आर्ट को भी अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

​IITF 2026 की प्रदर्शनी में पेबल आर्ट की विभिन्न कलाकृतियां, गृह सज्जा की वस्तुएं, आकर्षक उपहार और DIY (Do It Yourself) किट्स प्रदर्शित की जाएंगी। प्राकृतिक कंकड़ों से बनने वाली यह कला पर्यावरण अनुकूल रचनात्मकता, ग्रामीण कौशल और आधुनिक कलादृष्टि का सुंदर संगम है।

​वझूर के नदी तट के कंकड़ों को कला के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में आईआईटीएफ 2026 में यह सहभागिता दिव्यसृष्टि नेचुरल आर्ट्स के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। इस प्रदर्शनी में अवसर प्रदान करने के लिए प्रल्हाद पवार ने जिला उद्योग केंद्र परभणी और  एम एस एस डीआईसी मुंबई विभाग का आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button