परभणी (ब्यूरो रिपोर्ट): जिले के आम नागरिकों, विशेषकर कमजोर और वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने और उनमें कानूनी जागरूकता फैलाने के लिए प्रशासन और न्यायपालिका ने एक बड़ी पहल की है। आगामी 28 नवंबर 2026 को परभणी जिले के पालम में ‘शासकीय सेवा व योजनाओं के महामेले और कानुनी सेवा महाशिविर’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
यह महाशिविर सुबह 11:00 बजे से पालम स्थित गजानंद मंगल कार्यालय में शुरू होगा।
सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देश पर हो रहा आयोजन
राष्ट्रीय कानुनी सेवा प्राधिकरण (सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली) और महाराष्ट्र राज्य कानुनी सेवा प्राधिकरण (उच्च न्यायालय, मुंबई) के दिशा-निर्देशों के तहत इस विशेष अभियान को मूर्त रूप दिया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला कानुनी सेवा प्राधिकरण ,परभणी, तहसील कानुनी सेवा समिति ,पालम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला है।
एक ही छत के नीचे लगेंगे सरकारी विभागों के स्टॉल्स
अक्सर जानकारी के अभाव में पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए महाशिविर में जिले के विभिन्न सरकारी और अर्ध-सरकारी विभागों के स्वतंत्र स्टॉल्स लगाए जाएंगे। यहाँ नागरिकों को न केवल लोककल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, बल्कि मौके पर ही उनका लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
न्यायिक और प्रशासनिक दिग्गजों का रहेगा जमावड़ा
इस महाशिविर का विधिवत उद्घाटन बॉम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ के माननीय न्यायमूर्ति एवं परभणी जिले के पालक न्यायाधीश श्री सचिन एस. देशमुख के कर-कमलों से होगा। पूरा कार्यक्रम परभणी के प्रमुख जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय आर. एम. सादवाणी के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
समारोह में जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिनमें प्रमुख हैं:
- श्री अण्णासाहेब चव्हाण (जिलाधिकारी, परभणी)
- श्री पंकज कुमावत (पुलिस अधीक्षक, परभणी)
- श्रीमती नतीशा माथुर (मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद)
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
जिला कानुनी सेवा प्राधिकरण ,परभणी के सचिव श्री भूषण काले और पालम वकील संघ के अध्यक्ष श्री श्याम आर. रोकडे ने एक संयुक्त अपील जारी कर परभणी जिले के नागरिकों से आह्वान किया है कि वे 28 नवंबर को बड़ी संख्या में गजानंद मंगल कार्यालय पहुंचें और सरकारी योजनाओं व कानूनी सहायता का भरपूर लाभ उठाएं।