
परभणी:
भारत के ‘लोहपुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में वसंतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय (VNMKV), परभणी में 31 अक्टूबर 2026 को ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. डॉ. इन्द्र मणि और परभणी के पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमावत (भा.पु.से.) ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. इन्द्र मणि ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “इस एकता दौड़ में बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने जिस उत्साह के साथ भाग लिया है, वह अत्यंत प्रसन्नाता और गर्व का विषय है। ऐसे आयोजनों से समाज में राष्ट्रीय एकजुटता, बंधुत्व और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूती मिलती है।”
सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए उन्होंने आगे कहा, “मुझे सरदार पटेल के निवास स्थान पर जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहाँ का वातावरण और ऊर्जा अत्यंत प्रेरणादायी थी। उस पावन भूमि पर जाकर यह अनुभव हुआ कि वास्तव में इस देश में एक महान ‘लोहपुरुष’ का जन्म हुआ था।” इसके साथ ही उन्होंने मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।
इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षा निदेशक डॉ. बाबासाहेब ठोंबरे, अधिष्ठाता डॉ. प्रवीण वैद्य, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश कदम, विभागाध्यक्ष डॉ. हिराकांत काळबांडे सहित विश्वविद्यालय एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हरी झंडी दिखाने के पश्चात् विश्वविद्यालय परिसर में एकता दौड़ रैली निकाली गई। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से राष्ट्रीय अखंडता, सामाजिक ऐक्य और देशभक्ति का संदेश दिया। जन-भागीदारी से पूरा विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर हो गया।
राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने और सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद दिलाने वाला यह कार्यक्रम अत्यंत उत्साह एवं सफलता के साथ संपन्न हुआ।