राज्यस्वास्थ

क्रूजर की टक्कर से 7 वर्षीय मासूम की मौत

जिंतूर-औंढा मार्ग पर पुंगळा पाटी के पास की घटना

जिंतूर-

मां के साथ गजानन महाराज की आरती में गए एक 7 वर्षीय मासूम पर काल ने झपट्टा मार दिया। जिंतूर-औंढा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंगळा पाटी के समीप तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात क्रूजर गाड़ी की टक्कर से बालक की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार 9 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे हुई इस हृदयविदारक घटना से पुंगळा व आसपास के इलाके में गहरा शोक और भारी आक्रोश फैल गया है।

​मृतक बच्चे की पहचान विट्ठल अशोक जगताप (उम्र 7 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विट्ठल अपनी मां के साथ गांव के पास स्थित श्री गजानन महाराज मंदिर में संध्या आरती के लिए गया था। आरती के बाद वह अपनी मां का हाथ थामे खुशी-खुशी घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय जिंतूर से औंढा नागनाथ की ओर बेहद तेज गति से जा रहे एक क्रूजर चालक ने विट्ठल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मासूम हवा में करीब 15 फीट उछलकर सीधे सीमेंटेड सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद मासूम को खून से लथपथ हालत में छोड़कर क्रूजर चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

​हादसे की जोरदार आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत बालक को जिंतूर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों की सलाह पर उसे परभणी के जिला अस्पताल में रेफर किया गया। वहां जिंदगी और मौत से लड़ रहा मासूम आखिरकार जंग हार गया और रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​बताया जा रहा है कि अशोक जगताप की दो बेटियों के बाद विट्ठल इकलौता बेटा था। इस हादसे से जगताप परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने मासूम की जान लेने वाले लापरवाह क्रूजर चालक की तत्काल धरपकड़ कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button