परभणी: मराठवाड़ा शिक्षा प्रसारक मंडल द्वारा संचालित श्री शिवाजी विधि (कानून) महाविद्यालय, परभणी में बुधवार, १२ अगस्त २०२६ को ‘रैगिंग विरोधी दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर रैगिंग विरोधी विधि विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक (भा.पु.से.) तानाजी चिखले, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एल. धर्मापुरीकर, नवा मोंढा पुलिस थाना के पुलिस उप-निरीक्षक एवं रैगिंग विरोधी समिति के पुलिस प्रतिनिधि नितिन डोंबे तथा अभिभावक प्रतिनिधि डॉ. विजयकुमार परसोडे के कर-कमलों द्वारा हुआ।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता तानाजी चिखले ने कानूनी प्रावधानों, रैगिंग संबंधी अपराधों के अन्वेषण (जांच) कार्य एवं दंड संहिता के संदर्भ में विस्तृत मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे रैगिंग जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल महाविद्यालयीन समिति को देकर अप्रिय घटनाओं को रोकने में सहयोग प्रदान करें। पुलिस उप-निरीक्षक नितिन डोंबे ने रैगिंग से होने वाले दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। अभिभावक प्रतिनिधि डॉ. विजयकुमार परसोडे ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट जीवन मूल्यों एवं आदर्शों को अपनाकर रैगिंग जैसे कुकृत्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एल. धर्मापुरीकर ने विद्यार्थियों से परस्पर आदर एवं सहयोग की भावना बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए रैगिंग जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों से स्वयं को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी के साथ उन्होंने महाविद्यालय परिसर को ‘रैगिंग मुक्त’ घोषित करते हुए इस उपलब्धि के लिए प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।
कार्यशाला की प्रस्तावना प्रो. डॉ. काशीनाथ नेहरकर ने प्रस्तुत की, जबकि मंच संचालन रत्नदीप वाव्हले तथा धन्यवाद ज्ञापन रत्ना गजभारे ने किया। कार्यशाला के सफल आयोजन पर मराठवाड़ा शिक्षा प्रसारक मंडल के अध्यक्ष पूर्व विधायक प्रकाशदादा सोलंके, सचिव विधायक सतीशभाऊ चव्हाण तथा महाविद्यालय विकास समिति के सदस्यों ने शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
