पाथरी में शिंदे गुट को बड़ा झटका; दो नगरसेवकों ने दिया इस्तीफा
नगराध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए वार्ड 7 के दोनों पार्षदों ने छोड़ा पद

पाथरी :- पाथरी नगर परिषद की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वार्ड क्रमांक 7 से शिवसेना (शिंदे गुट) के दोनों नगरसेवकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
नगरसेविका आलम तरन्नुम बेगम मुजीब (सीट अ, सामान्य महिला) और नगरसेवक पठाण हसीब खान तहजीब खान (सीट ब, सामान्य) ने 12 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर अपना बिना शर्त इस्तीफा दे दिया।
इस्तीफे के पत्र में महाराष्ट्र नगर परिषद, नगर पंचायत एवं औद्योगिक नगरी अधिनियम, 1965की धारा41 (2) का हवाला दिया गया है।
इस्तीफे में नगराध्यक्ष आसेफ खान शेरगुल खान पर भ्रष्टाचार और मनमाने ढंग से कामकाज चलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जल कर , संपत्ति कर, साप्ताहिक बाजार, नामांतरण और दुकान/जगह के किराए की वसूली को नगर परिषद के खाते में चालान के माध्यम से जमा करने के बजाय, कर्मचारियों के जरिए अपने पास रखकर निजी कामों के लिए खर्च किया जा रहा है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि प्रशासन मनमाने तरीके से चलाया जा रहा है और कई फैसलों में पारदर्शिता व नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
दावा किया जा रहा है कि ये दोनों नगरसेवक विधायक राजेश विटेकर के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल होंगे।
अब पाथरी के नागरिकों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या इनके इस्तीफे आधिकारिक रूप से स्वीकार किए जाएंगे और इनका पार्टी प्रवेश कब होगा। इस बीच, इन आरोपों पर नगराध्यक्ष की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।