
संवाददाता परभणी —जालना राज्य में सूखे के गंभीर संकट के बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किसानों को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में किसान भाई बिल्कुल हिम्मत न हारें। राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ किसानों के पीछे खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा। वे जालना तहसील के भिलपुरी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने भिलपुरी के सूखा प्रभावित किसान अंबादास तांगडे के घर जाकर उनके परिवार के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने परिजनों से बातचीत कर खेती की स्थिति, आर्थिक समस्याओं और सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। शिंदे ने परिवार के साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक बेसन, बाजरे की रोटी, देसी ठेचा और चटनी जैसे ठेठ ग्रामीण भोजन का स्वाद भी लिया।
‘मैं भी किसान का बेटा’
परिजनों से संवाद के दौरान शिंदे ने कहा, “मैं खुद एक किसान परिवार से आता हूं। यहां आकर मुझे ऐसा लगा जैसे मैं अपने ही घर आया हूं। वर्तमान में किसानों पर बड़ा संकट है, ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग को मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को फौरी राहत देने के लिए 5,000 रुपये की अग्रिम सहायता राशि देने का फैसला किया है, जो कई किसानों के बैंक खातों में जमा भी हो चुकी है। इसके अलावा सूखा घोषित होने के बाद 12-सूत्रीय रियायतों को जमीन पर उतारा जा रहा है। इसमें फसल नुकसान का मुआवजा, फसली ऋण का पुनर्गठन, कर्ज वसूली पर रोक, शैक्षणिक शुल्क में छूट और पेयजल आपूर्ति जैसी महत्वपूर्ण राहतें शामिल हैं।
बेटी की पढ़ाई से लेकर शादी तक का खर्च उठाएंगे
अंबादास तांगडे के पास महज एक एकड़ जमीन है, जिस पर उनकी पत्नी मंदाबाई, दो बेटियां, एक बेटा और बुजुर्ग मां समेत पूरे परिवार का भरण-पोषण निर्भर है। परिवार की माली हालत जानने के बाद उपमुख्यमंत्री ने तांगडे की बेटी से बातचीत की। जब बेटी ने भविष्य में पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई, तो शिंदे ने उसकी पढ़ाई से लेकर विवाह तक का पूरा खर्च व्यक्तिगत रूप से उठाने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि सूखा प्रभावित क्षेत्र के जिन किसान परिवारों में बेटियों के विवाह तय हो चुके हैं, उनकी सूची तैयार कर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कराया जाएगा। सूखा प्रभावित परिवारों को संबल देने के लिए महिलाओं को स्वरोजगार हेतु सिलाई मशीनें, छात्राओं को साइकिलें और जरूरतमंद परिवारों को दिवाली राशन सामग्री बांटी जा रही है।
सरकारी खजाने पर पहला हक किसान का
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाले मानसून तक सूखाग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल, मवेशियों के लिए चारा-पानी और खाद्यान्न संकट न हो, इसके लिए पुख्ता योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी महाराष्ट्र के किसानों की मदद के लिए पूरी तरह साथ खड़ी है। शिंदे ने जोर देकर कहा, “सरकारी खजाने पर पहला हक किसान का है और उनकी मदद में सरकार कोई कसर बाकी नहीं रखेगी।” उन्होंने किसानों से संकट की इस घड़ी में धैर्य रखने और कोई भी आत्मघाती कदम न उठाने की भावुक अपील की।
भाई दूज पर परिजनों ने किया स्वागत
भाई दूज के पावन अवसर पर मंदाबाई तांगडे ने उपमुख्यमंत्री शिंदे की आरती उतारी और तिलक लगाया। इसके बाद शिंदे ने परिवार के सभी सदस्यों को नए वस्त्र भेंट किए। परिवार की ओर से मंदाबाई ने उपमुख्यमंत्री को 10 किलो ज्वार, 10 किलो बाजरा और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भेंट स्वरूप दी। किसान अंबादास तांगडे ने भावुक होते हुए कहा कि सरकार का शीर्ष नेतृत्व खुद उनके घर आकर सुख-दुख साझा कर रहा है, यह उनके लिए बहुत बड़ा संबल है।
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री शिंदे ने मौजपुरी गांव स्थित महादेव मंदिर परिसर में किसानों, खेत-मजदूरों और महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और महिलाओं को दिवाली का फलाहार व राशन देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, उद्योग मंत्री उदय सामंत, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, सांसद संदीपन भुमरे, विधायक अर्जुन खोतकर, विधायक हिकमत उढाण समेत कई गणमान्य नागरिक, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 