पुलिस उप महानिरीक्षक के दस्ते की नांदेड़ में गुटखे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
नांदेड़ शहर में दो जगहों पर छापेमारी; 68 लाख रुपये से अधिक का प्रतिबंधित गुटखा जब्त

परभणी: नांदेड़ परिक्षेत्र में अवैध व्यवसायों पर नकेल कसने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) श्री शहाजी उमाप द्वारा गठित विशेष दस्ते ने नांदेड़ शहर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है.
दिनांक 23 नवंबर 2026 को इस दस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि इतवारा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमेर फंक्शन हॉल के पास एक कमरे में और इस्लामपुरा इलाके स्थित सेंट्रल ट्रांसपोर्ट के गोदाम में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकूजन्य पदार्थों का अवैध भंडारण किया गया है. सूचना के आधार पर टीम ने दोनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर 54लाख 06,हजार 095 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकूजन्य सामग्री का जखीरा जब्त किया.
इस मामले में सैयद दस्तगीर सैयद इब्राहीम ,निवासी आस कॉलोनी, इतवारा, अब्दुल बबलू अब्दुल हमीद निवासी मदीनानगर, मुदखेड़, मोहम्मद आसिफ मोहम्मद हुसैन निवासी चुन्नाभट्टी, खुदबईनगर और अब्दुल तस्लीम अब्दुल मनान सौदागर ,निवासी गुलशन कॉलोनी, इतवारा, नांदेड़ के खिलाफ इतवारा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 274, 275, 3(5) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 26, 27, 30(2), 59 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.
इसके पश्चात, दस्ते को नांदेड़ ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र के आस कॉलोनी स्थित मोहम्मद फिरोज सईद के घर में भी प्रतिबंधित गुटखा होने की जानकारी मिली. टीम ने वहां छापा मारकर 14लाख 19हजार,600 रुपये कीमत का प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकूजन्य माल बरामद किया. इस प्रकरण में मोहम्मद फिरोज मोहम्मद सईद और मोहम्मद फैज मोहम्मद सईद (दोनों निवासी आस कॉलोनी, नांदेड़) के विरुद्ध नांदेड़ ग्रामीण पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1497/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 274, 275, 3(5) के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है.
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर 68 लाख 25 हजार 695 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा एवं तंबाकूजन्य माल जब्त किया है.
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस उपनिरीक्षक पंकज इंगले के साथ पुलिस हेड कांस्टेबल प्रदीप खानसोले, गणेश राठौड़, संदीप वाघाडे और गजानन डवरे की टीम ने अंजाम दिया. इस उल्लेखनीय सफलता पर डीआईजी श्री शहाजी उमाप ने टीम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया.
‘खबर’ हेल्पलाइन पर दें गोपनीय सूचना:
अवैध कारोबारियों की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीआईजी कार्यालय द्वारा 91 50 100 100 मोबाइल नंबर के साथ ‘खबर’ हेल्पलाइन शुरू की गई है. नांदेड़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री शहाजी उमाप ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में चल रहे अवैध व्यवसायों की जानकारी इस हेल्पलाइन के माध्यम से सीधे कार्यालय तक पहुंचाएं.