
छत्रपति संभाजीनगर : संस्कृत के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यरत संस्था ‘संस्कृतभारती’ भारत सहित दुनिया के २७ अन्य देशों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्कृत भाषा को जनसामान्य तक पहुँचाने और भारत को उसका गतवैभव पुनः प्राप्त कराने के उदात्त उद्देश्य से संस्था कार्यरत है।
इसी कड़ी में संस्कृतभारती देवगिरी प्रांत, छत्रपति संभाजीनगर द्वारा १५ से २२ नवंब तक एन-४ स्थित महर्षि विद्यालय में आठ दिवसीय आवासीय संस्कृत प्रबोधन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ८० प्रशिक्षणार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में संस्कृत सीखने का अवसर प्राप्त हुआ। शिविर के प्रथम दिन भारतीय संस्कृति के अनुरूप सभी प्रतिभागियों का तिलक, अक्षत और आरती उतारकर पारंपरिक स्वागत किया गया।
कक्षा ८वीं से ऊपर के विद्यार्थियों और प्रौढ़ संस्कृत प्रेमियों के लिए आयोजित इस शिविर में संस्कृत संभाषण कौशल और व्याकरण के साथ-साथ योग, प्राणायाम, ध्यान, नियुद्ध (कराटे), भाषाक्रीड़ा और मैदानी खेलों का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त कला-गुण प्रदर्शन, ज्ञान-विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, दिनचर्या और संस्कृत के माध्यम से भविष्य में करियर की संभावनाओं जैसे जीवनोपयोगी विषयों पर खेल-खेल में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
विशेष उल्लेखनीय यह है कि यह आवासीय वर्ग बिना किसी शासकीय सहायता के केवल जनसहयोग और उदार दानदाताओं के योगदान से संचालित किया गया। शिविर हेतु महर्षि विद्यालय ने आवास की व्यवस्था की, वहीं ‘प्रांशु उद्योग समूह’ और ‘ऋचा उद्योग समूह’ ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
माता-पिता से दूर रहकर बच्चों और युवाओं ने इस शिविर में स्वावलंबन का पाठ सीखा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि सभी प्रतिभागियों ने मोबाइल फोन (चलभाष) से पूरी तरह दूर रहकर यह प्रशिक्षण पूरा किया। इन सात दिनों में नियमितता, शारीरिक व बौद्धिक परिश्रम, विचारों के आदान-प्रदान, आपसी सहयोग, संस्कार और संस्कृत भाषा का गहरा प्रभाव प्रतिभागियों के मन पर अंकित हुआ।
शिविर के दौरान समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने मौलिक विचारों से प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें आशीर्वाद दिया। वक्ताओं में प्रमुख रूप से श्री अविनाश गोहाड, डॉ. अजित चौधरी, श्री एस. एम. कुलकर्णी, श्रीमती निवेदिता सराफ, डॉ. दिवाकर मांडाखळीकर और श्री लक्ष्मीकांत धोंड शामिल थे। प्रतिदिन शाम को प्रशिक्षणार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साह से भर दिया। अंतिम दिन दीपोत्सव और भारतमाता पूजन के साथ शिविर का भव्य समापन हुआ।
इस प्रबोधन वर्ग की सफलता के लिए संस्कृतभारती के देवगिरी प्रांत मंत्री आचार्य अविनाश गोहाड, प्रशिक्षण प्रमुख श्रीमती शुभदा धांडे, सहमंत्री डॉ. अजित चौधरी, कार्यालय एवं साहित्य विभाग प्रमुख श्री संतोष इसादकर, श्रीमती नलिनी लेकुरवाळे, श्रीमती आशा सुखदेवे, श्री अशोक वाशिवले, श्रीमती मेधा पाठे, श्रीमती माताडे और डॉ. दिवाकर कुलकर्णी मांडाखळीकर आदि पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विशेष परिश्रम किया।