जन्मजात हृदय में छेद से पीड़ित बच्ची को मिला नया जीवन
महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क हुआ उपचार
परभणी। मानवत की 15 वर्षीय किशोरी के हृदय में जन्मजात छेद की जटिल सर्जरी परभणी स्थित विधायक डॉ. राहुल पाटील के आर.पी. हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक की गई। महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पूरी तरह नि:शुल्क हुए इस उपचार से किशोरी को नया जीवन मिला है। सर्जरी के बाद उसकी हालत पूरी तरह स्थिर है और सांस लेने में परेशानी तथा लगातार थकान जैसी समस्याएं भी दूर हो गई हैं।
इस सफल ऑपरेशन के माध्यम से आर.पी. हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, मानवत की इस किशोरी को पिछले 3 वर्षों से सांस लेने में तकलीफ, लगातार थकान तथा उच्च और निम्न रक्तचाप की समस्या थी। हृदय की 2डी इको जांच में उसके हृदय में जन्मजात छेद होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही वह संधिवात (गंभीर गठिया रोग) से भी पीड़ित थी। दो गंभीर बीमारियों के कारण उसे रात में ठीक से नींद नहीं आती थी। इतना ही नहीं, उसकी उम्र के अनुसार होने वाली शारीरिक वृद्धि भी प्रभावित हो रही थी।
बेटी के उपचार के लिए परिजनों ने कई बड़े और नामी अस्पतालों के चक्कर लगाए, लेकिन बीमारी की जटिलता को देखते हुए कहीं भी उपचार नहीं हो सका। आखिरकार निराश परिजनों ने परभणी के आर.पी. हॉस्पिटल का रुख किया। यहां अस्पताल प्रशासन ने परिवार को उपचार का भरोसा दिलाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया।
आर.पी. हॉस्पिटल के अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद शिंदे के मार्गदर्शन में अनुभवी बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नितीन येळीकर और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुबडे की टीम ने अत्यंत कुशलता और सावधानी के साथ हृदय के छेद को बंद करने की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की।
इस ऑपरेशन में डॉ. सलाम तांबोळी, डॉ. शहाजी बोडखे, डॉ. संतोष हराळ, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बडे, डॉ. गिरी और डॉ. अकीब सहित नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य चिकित्सा कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बेटी को नया जीवन मिलने से भावुक हुई मां
किशोरी की मां ने भावुक होकर बताया कि बेटी के इलाज के लिए उन्होंने बड़े शहरों के कई अस्पतालों के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं से भी राहत नहीं मिली। बेटी को काफी परेशानी होती थी। रात में नींद नहीं आती थी और उसकी शारीरिक वृद्धि भी रुक गई थी। पूरा परिवार निराश हो चुका था। ऐसे कठिन समय में आर.पी. हॉस्पिटल ने नि:शुल्क सर्जरी कर हमारी बेटी को नया जीवन दिया है। इसके लिए हम डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन के जीवनभर आभारी रहेंगे।
जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार देना हमारा उद्देश्य : डॉ. प्रमोद शिंदे
आर.पी. हॉस्पिटल के अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद शिंदे ने कहा कि सामान्य और जरूरतमंद मरीजों को परभणी में ही गुणवत्तापूर्ण एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराना अस्पताल का मुख्य उद्देश्य है। बड़े शहरों में भी जिस किशोरी की जटिल सर्जरी नहीं हो पाई, उसका सफल ऑपरेशन हमारी डॉक्टरों की टीम ने किया। उसे नया जीवन मिलने पर मुझे गर्व है। भविष्य में भी आर.पी. हॉस्पिटल गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
