पर्यावरण अनुकूल एवं डीजे मुक्त गणेशोत्सव: प्रह्लाद राम मंदिर, महालक्ष्मी नगर में ‘रामराज्य मित्र मंडल’ द्वारा महाप्रसाद का आयोजन
ध्वनी प्रदुषण की ओर विशेष ध्यान -पुलिस अपील का पालन

परभणी:
जिंतुर रोड परिसर के महालक्ष्मी नगर स्थित प्रह्लाद राम मंदिर, ‘रामराज्य मित्र मंडल’ की ओर से इस वर्ष सार्वजनिक गणेशोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पारंपरिक ढोल-ताशों की गूंज के बीच बप्पा का भव्य स्वागत किया। सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए मंडल ने इस वर्ष ‘डीजे मुक्त’ और ‘पर्यावरण अनुकूल’ पद्धति से उत्सव मनाकर समाज के समक्ष एक अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत किया है। इसी क्रम में रविवार को गणेशोत्सव के उपलक्ष्य में समस्त नगरवासियों के लिए भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर ओमप्रकाश जांगिड़, गजानन कुंडीकर, लक्ष्मीकांत पाथरीकर, शिवाजी खरवडे, आदित्य शिंदे, शिवाजी खरडे एवं आदित्य लष्करे ने विशेष परिश्रम किया। आयोजन में महालक्ष्मी नगर के नागरिक एवं श्रद्धालु भारी तादाद में उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने नागरिकों को पर्यावरण हितैषी तथा डीजे मुक्त गणेशोत्सव मनाने के प्रति प्रेरित एवं जागरूक किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गणेश मंडल अध्यक्ष आर्यन जोशी, उपाध्यक्ष स्वप्निल टोम्पे, कोषाध्यक्ष कृष्णा गव्हाणे व ओंकार पवार, सदस्य अथर्व मोरे, विनायक टोपे, विपुल कोंडेकर, वरद कोंडेकर, नैतिक जोशी और रुद्र सोनके ने सराहनीय योगदान दिया। युवाओं द्वारा की गई इस सामाजिक व पर्यावरण हितैषी पहल की प्रह्लाद राम मंदिर परिसर सहित पूरे महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।