राज्यराजनीति

नियमबद्ध यात्रा को बढ़ावा देने हेतु नांदेड़ मंडल का सघन टिकट चेकिंग अभियान; 4.25 लाख का राजस्व वसूला

नांदेड़: यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने, रेल नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा सर्वसाधारण को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल द्वारा 21 अगस्त 2026 को व्यापक स्तर पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

​समस्त टिकट चेकिंग दलों की सक्रिय सहभागिता के साथ यह अभियान प्रातः 04:30 बजे से रात्रि 20:00 बजे तक संचालित किया गया। इस अभियान का प्रभावी पर्यवेक्षण सहायक वाणिज्य प्रबंधक, नांदेड़, श्री शैलेश कुमार सिंह द्वारा किया गया।

​इस विशेष अभियान में 32 टिकट चेकिंग कर्मी एवं 3 रेल सुरक्षा बल (RPF) के जवान सम्मिलित रहे। मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर संचालित कुल 26 रेलगाड़ियों की सघन जांच की गई। चेकिंग दल के कर्मियों ने यात्रियों से संवाद स्थापित कर वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने तथा रेल नियमों के निष्ठापूर्वक पालन का आह्वान किया।

टिकट चेकिंग अभियान की प्रमुख उपलब्धियां

​अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा एवं बिना बुक किए गए सामान (अनबुक्ड लगेज) से संबंधित कुल 543 मामले दर्ज किए गए। इन प्रकरणों से कुल ₹4,22,610/- का राजस्व प्राप्त किया गया।

प्रकरणों का मदवार विवरण:

  • बिना टिकट यात्रा (TWT): 376 मामले — ₹1,79,140 (किराया) एवं ₹1,88,560 (अर्थदंड)।
  • ​अनियमित यात्रा (IRT): 48 मामले — ₹9,110 (किराया) एवं ₹24,000 (अर्थदंड)।
  • ​बिना बुक किया गया सामान (UBL): 119 मामले — ₹21,800।
  • ​कुल टिकट संबंधी मामले: 543
  • ​कुल राजस्व: ₹4,22,610/-

​इसके अतिरिक्त, रेलवे परिसर में धूम्रपान करने का 1 मामला दर्ज किया गया, जिसमें संबंधित व्यक्ति से ₹2,000/- का अर्थदंड वसूला गया।

​इस प्रकार, संपूर्ण अभियान में कुल 544 मामले दर्ज किए गए तथा ₹4,24,610/- के कुल राजस्व की वसूली हुई।

सुव्यवस्थित यात्रा हेतु निरंतर प्रयास

​नांदेड़ मंडल द्वारा यह टिकट चेकिंग अभियान केवल राजस्व अर्जन तक सीमित न रखकर यात्रियों में नियम-निष्ठा की भावना जागृत करने तथा वैध यात्रा को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

​बिना टिकट यात्रा करने से नियमानुकूल टिकट लेकर चलने वाले प्रामाणिक यात्रियों के अधिकारों का हनन होता है। अतः इस प्रकार के अभियानों से वैध यात्रियों के अधिकारों का संरक्षण, रेल राजस्व की सुरक्षा तथा यात्रा व्यवस्था में अनुशासन सुनिश्चित होता है।

​नांदेड़ मंडल के टिकट जांच दल नियमित चेकिंग के साथ-साथ विशेष अभियान चलाकर बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड सामान एवं अन्य रेल नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए हुए हैं।

​नांदेड़ मंडल समस्त रेल यात्रियों से अपील करता है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, यात्रा पूर्व विवरण की भली-भांति पुष्टि करें, रेलवे परिसर में धूम्रपान एवं अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों से बचें तथा रेल प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button