मोटर व सौर पंप चोर गिरोह का पर्दाफाश: दो महिला साथियों सहित मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ₹2.36 लाख का माल जब्त
परभणी विशेष संवाददाता-
जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार हो रही कृषि मोटर तथा सौर पंप चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने एक अंतरप्रांतीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ज्ञानेश्वर हरिभाऊ चव्हाण को धर दबोचा, जबकि उसकी दो महिला सहयोगियों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नकदी और अपराध में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा सहित कुल 2,36,800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
गुप्त सूचना पर त्वरित घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत एवं अपर पुलिस अधीक्षक तानाजी चिखले के निर्देशानुसार स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक गजेंद्र सरोदे के मार्गदर्शन में पुलिस दल गश्त पर था। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि परभणी ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति अपने ऑटो रिक्शा में चोरी का सामान ले जा रहा है। पुलिस दल ने तत्काल पेडगांव फाटा पर घेराबंदी कर संदिग्ध ऑटो को स्थानीय नागरिकों की सहायता से रोका।
तलाशी लेने पर ऑटो में बोरी थाना क्षेत्र से चुराए गए बिजली के तार बरामद हुए। पूछताछ में चालक ने अपना नाम ज्ञानेश्वर हरिभाऊ चव्हाण (३५ वर्ष, निवासी नेहरू नगर, पाथरी रोड, परभणी) बताया।
महिला सहयोगियों के साथ मिलकर दिया वारदातों को अंजाम
सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी दो महिला सहयोगियों—सविता किशोर ढेंबरे (३५ वर्ष) एवं परवीन रफीक शेख (35वर्ष, दोनों निवासी सिद्धार्थ नगर, परभणी)—के साथ मिलकर ऑटो रिक्शा (क्रमांक एम एघशच-22-एपी-4130) का उपयोग कर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने पंचों के समक्ष कार्रवाई करते हुए ₹ 85 हजार नकद , ₹1लाख 50, मूल्य का ऑटो रिक्शा तथा ₹1,800 मूल्य के चोरी के तार जब्त किए।
सुलझाए गए प्रमुख अपराध:
- परभणी ग्रामीण थाना: अपराध क्रमांक 377/26, धारा 303(2) BNS
- परभणी ग्रामीण थाना: अपराध क्रमांक 373/26, धारा 303(2) BNS
- परभणी ग्रामीण थाना: अपराध क्रमांक 370/26, धारा 303(2) BNS
- परभणी ग्रामीण थाना: अपराध क्रमांक 367/26, धारा 303(2) BNS
- बोरी थाना क्षेत्र में हुई तार चोरी का मामला
कार्रवाई करने वाला पुलिस दल:
इस सफल कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक गजेंद्र सरोदे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक अशोक जायभाय, पुलिस उपनिरीक्षक गणेश सवंडकर, मधुकर चट्टे, सहायक उपनिरीक्षक नीलेश भुजबल, सुग्रीव केंद्रे, हवलदार रवि कुमार जाधव, दीपक मुदीराज, केशव लटपटे, नेताजी गीते, लक्ष्मण कांगणे, महिला हवलदार जयश्री आव्हाड, अनिता राठौड़, महारुद्र सपकाल, तथा आरक्षक शरद सावंत व नामदेव धोत्रे शामिल रहे।