
-प्रशासन की नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
परभणी–
हिंगोली जिले में गुरुवार ,दिनांक 9जुन तड़के भूकंप के एक के बाद एक चार झटके दर्ज किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के 1:37 बजे बसमत तहसील के पांगरा शिंदे क्षेत्र में 4.86 रिक्टर पैमाने की तीव्रता का पहला भूकंप आया। तत्पश्चात 2:15 बजे दूसरा 3.6 रिक्टर पैमाना, 2:17 बजे तीसरा 3.9 रिक्टर पैमाना तथा तड़के 3:23 बजे 4.1 रिक्टर पैमाने की तीव्रता का चौथा भूकंप का झटका काकड़धाबा क्षेत्र में दर्ज किया गया। नागरिकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भूकंप के झटके परभणी जिले के कुछ क्षेत्रों में भी हल्के रूप में अनुभव किए गए हैं। वर्तमान स्थिति में परभणी जिले में किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा धनहानि होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। तथापि, जिला प्रशासन परिस्थिति पर निरंतर दृष्टि बनाए हुए है और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
इस पृष्ठभूमि में जिलाधिकारी संजयसिंह चव्हाण ने परभणी जिले के नागरिकों से धैर्य बनाए रखने, अफवाहों पर विश्वास न करने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति के उत्पन्न होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग अथवा जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है। नागरिक भूकंप के उपरांत आवश्यक सावधानी बरतें। यदि भवनों में दरारें, अन्य संरचनात्मक क्षति अथवा कोई भी संवेदनशील स्थिति दिखाई दे, तो उसकी त्वरित सूचना संबंधित प्रशासन को दें।