चालक को आया मिर्गी का दौरा; स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा
पूर्णा तहसील के माटेगांव क्षेत्र की घटना

पूर्णा/प्रतिनिधि:
स्कूली बच्चों को लेकर माटेगांव जा रहे एक ऑटो चालक को अचानक मिर्गी का दौरा (फिट्स) आने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा सोमवार ,21 सितंबर दोपहर करीब 12:30 बजे पूर्णा-जीरोफाटा क्षेत्र में पेश आया। प्राथमिक सूचना के अनुसार, इस दुर्घटना में ‘अभिनव विद्याविहार’ और ‘विद्या प्रसारणी’ स्कूल के 18 से 20 छात्र घायल हुए हैं। सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो क्रमांक एम एच 22 यू 4265 स्कूली बच्चों को लेकर माटेगांव की ओर जा रहा था। गाड़ी चलाते समय चालक गणपत वाघमारे ,निवासी- माटेगांव, तहसील पूर्णा को अचानक मिर्गी का दौरा आ गया, जिससे वाहन से उसका नियंत्रण छूट गया और ऑटो पलट गया। अचानक हुए इस हादसे से वाहन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई छात्रों को चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को तुरंत निरामय हॉस्पिटल और शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में अभिभावकों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ जमा हो गई।
‘स्कूल वैन’ सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल!
पूर्णा शहर के आसपास के लगभग 25 से 30 गांवों के छात्र शिक्षा के लिए शहर में आते-जाते हैं। इनमें से अधिकांश छात्र ऑटो और टमटम जैसे निजी वाहनों से स्कूल पहुंचते हैं। हालांकि, इस हादसे के बाद यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि इन वाहनों में छात्रों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं या नहीं, इसकी निगरानी कौन करेगा?
शिकायतें हैं कि स्कूली छात्रों को ढोने वाले कई वाहनों में प्राथमिक उपचार पेटी (फर्स्ट एड बॉक्स) जैसी अनिवार्य आपातकालीन सुविधाएं तक नहीं होती हैं। वहीं क्षमता से अधिक छात्रों को ठूंस-ठूंस कर बिठाया जाता है, जिससे मासूमों की जान जोखिम में पड़ रही है। इसके अलावा, कई स्थानों पर बिना वैध लाइसेंस के चालकों द्वारा ऐसे वाहन चलाए जाने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। 