राज्यशिक्षा

बाल विद्या मंदिर के वैभव नगर प्रभाग में धूमधाम से मना ‘हिंदी दिवस’

चित्र प्रदर्शनी‌ का किया उद्घाटन

परभणी: “भारत विविध धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों का अनुपम संगम है, और यही अनेकता में एकता हमारे देश की वास्तविक पहचान है। हिंदी हमारे देश की राजभाषा है, अतः दैनिक जीवन और कामकाज में इसका अधिकाधिक प्रयोग होना चाहिए।” यह विचार ‘दैनिक भास्कर’ के जिला प्रतिनिधि श्री सुरेंद्र पाथरीकर ने व्यक्त किए। वे बाल विद्या मंदिर (वैभव नगर प्रभाग) में आयोजित ‘हिंदी दिवस’ समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।

​कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रभाग प्रमुख श्री प्रदीप रुघे प्रमुखता से उपस्थित रहे।

भित्ति-पत्रिकाओं का विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुति

​हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक भित्ति-पत्रिकाओं (वॉल पोस्टर्स) का विमोचन अतिथियों के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। वक्ताओं ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को हिंदी के राजभाषा बनने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसके राष्ट्रीय महत्व से अवगत कराया।

​समारोह में कक्षा 6वीं ‘एच’ की छात्राओं ने ‘हिंदी है राष्ट्रभाषा’ विषय पर आधारित एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।

​यह संपूर्ण आयोजन वर्ग शिक्षक श्री विशाल गायकवाड़ के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में मंच संचालन करने वाली छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। इस सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button