
परभणी शहर के जिंतुर रोड स्थित: कै. सौ. कमलताई जामकर महिला महाविद्यालय के हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय स्तरीय भित्ति-पत्रिका (पोस्टर) प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन किया गया। “स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी भाषा का योगदान” विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज की। इस ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामचंद्र भिसे के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर शारदा महाविद्यालय, परभणी के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. हनुमंत शेवाले एवं स्वर्गीय रावसाहेब जामकर कनिष्ठ महाविद्यालय, परभणी के प्रा. अनिल खरात ने परीक्षक की भूमिका का निर्वहन किया। हिंदी विभागाध्यक्षा प्रा. निर्मला जाधव तथा डॉ. संगीता लोमटे के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस उपक्रम से छात्राओं के लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल को विशेष प्रोत्साहन मिला।
प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह ‘मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस’ के पावन अवसर पर प्राचार्य डॉ. रामचंद्र भिसे के हस्ते संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा सुश्री प्रतीक्षा सिद्धार्थ रगड़े ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जिन्हें प्रशस्ति-पत्र के साथ ₹500 की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा सुश्री नेहा पिराजी रेंगे को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप ₹300 नकद एवं प्रशस्ति-पत्र तथा बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा सुश्री रूपाली बजरंग जाधव को तृतीय पुरस्कार स्वरूप ₹200 नकद एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
छात्राओं के कलात्मक एवं वैचारिक प्रयासों की सराहना करते हुए प्रोत्साहन पुरस्कार भी वितरित किए गए। इसके अंतर्गत बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा सुश्री रोहिणी अरुण जाधव एवं सुश्री पायल अर्जुन जाधव को ₹100-₹100 की नकद राशि तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. रामचंद्र भिसे, हिंदी विभागाध्यक्षा प्रा. निर्मला जाधव, डॉ. संगीता लोमटे एवं महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक वृंद ने सभी विजेता छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए हार्दिक बधाई व अभिनंदन ज्ञापित किया।
