राज्यराजनीति

परभणी तहसील के दैठणा, पोखर्णी और सिंगणापुर के लिए तैयार करें 132 केवी उपकेंद्र का प्रस्ताव: विधायक राजेश विटेकर ने दिए निर्देश

परभणी:

तहसील में बिजली की बढ़ती मांग और विद्युत वितरण तंत्र पर बढ़ते लोड को देखते हुए परभणी तहसील के दैठणा, पोखर्णी एवं सिंगणापुर क्षेत्र के लिए नए 132 केवी सब-स्टेशन (उपकेंद्र) का प्रस्ताव तत्काल तैयार किया जाए। यह कड़े निर्देश विधान परिषद सदस्य विधायक राजेश विटेकर ने आज महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपकेंद्र के लिए भूमि चिह्नित करते समय दैठणा, पोखरणी और सिंगणापुर गांवों को प्राथमिकता दी जाए।

​विधायक विटेकर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में तहसील की संपूर्ण विद्युत वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में रेखांकित किया गया कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी, कृषि बिजली कनेक्शनों की निरंतर मांग और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक नए 132 केवी उपकेंद्र की स्थापना अनिवार्य हो चुकी है।

​इस प्रस्तावित उपकेंद्र के अस्तित्व में आने से पिंपलगांव ठोंबरे, पोखर्णी, ब्रह्मपुरी, सिंगणापुर, लोहगांव और जांब स्थित 33 केवी उपकेंद्रों से जुड़े दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी। इस हेतु विधायक ने अधिकारियों को तकनीकी सर्वेक्षण कर उपयुक्त स्थल का चयन करने व जल्द प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा।

​बैठक में तहसील भर में प्रगति पर चल रहे ‘गांवठान फीडर’ के कार्यों में गति लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही, गणेशोत्सव के पावन पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लोड शेडिंग (बिजली कटौती) न करने की सख्त हिदायत दी गई। विधायक ने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुचारू विद्युत आपूर्ति मिलनी चाहिए, जिसके लिए महावितरण पुख्ता योजना बनाए।

​विधायक विटेकर ने अधिकारियों से कहा कि तात्कालिक समाधान निकालने के बजाय भविष्य की 20-25 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बिजली नेटवर्क का दीर्घकालिक नियोजन किया जाए।

​इस समीक्षा बैठक में महावितरण के अधीक्षण अभियंता प्रवीण दारोली, अधिशासी अभियंता प्रवीण चकोले, अधिशासी अभियंता मंदार वग्यानी, जिला परिषद सदस्य संग्राम जामकर, विलास बाबर, एकनाथ सालवे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के तालुका अध्यक्ष संतोष देशमुख, युवा जिला अध्यक्ष रोहन सामाले, अमृत वाघ, किशोर ढगे, रामराव आरगडे, सचिन पठाडे, मधुकर खरवडे सहित तहसील के प्रमुख पदाधिकारी व विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button