
परभणी (विशेष प्रतिनिधि):
श्री शिवाजी विधि महाविद्यालय, परभणी में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व राष्ट्रगान, वंदे मातरम् तथा महाराष्ट्र गीत के गायन के साथ अत्यंत उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एल. धर्मापुरीकर, महाविद्यालय विकास समिति के सदस्य श्री चंद्रशेखर नखाते तथा श्री संतोष बोबडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) विभाग के अंतर्गत प्रो. डॉ. राजेश देशमुख के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, देशभक्ति तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश देने वाली भित्ति-पत्रिकाओं (वॉल मैगज़ीन) का सुंदर एवं प्रभावकारी प्रस्तुतीकरण कर अपनी कलात्मक प्रतिभा व सामाजिक चेतना को अभिव्यक्त किया। उपस्थित गणमान्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा इन भित्ति-पत्रिकाओं का विमोचन किया गया तथा परिसर में पौधारोपण भी संपन्न हुआ।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने सेल्फी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं रासेयो स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।
इस पावन अवसर पर मराठवाड़ा शिक्षा प्रसारक मंडल के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री प्रकाश दादा सोळंके, सचिव एवं पूर्व विधायक श्री सतीश भाऊ चव्हाण सहित महाविद्यालय विकास समिति के माननीय सदस्य श्री चंद्रशेखर नखाते, श्री गोविंद कदम, श्री मगदूम मोहिउद्दीन, श्री संतोष बोबडे, अधिवक्ता दीपक देशमुख, अधिवक्ता अशोक शिंदे तथा श्री संतोष इंगले आदि ने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।