श्री प्रदीप कामले, मंडल रेल प्रबंधक/नांदेड़ ने हुजूर साहिब नांदेड़ से नगरसूल के मध्य जारी अमृत भारत स्टेशन व सुरक्षा कार्यों का लिया जायजा

नांदेड़:
नांदेड़ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री प्रदीप कामले ने गुरुवार, 06 अगस्त 2026 को हुजूर साहिब नांदेड़ से नगरसूल रेल खंड के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर प्रगतिरत ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ (एबीएस) के विकास कार्यों एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने परभणी, मानवत रोड, सेलू, परतूर, जालना, रोटेगांव तथा नगरसूल रेलवे स्टेशनों पर जारी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा गति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं, संरक्षा एवं उच्च मानकों को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
दौरे के क्रम में श्री कामले ने हुजूर साहिब नांदेड़ से नगरसूल के मध्य रियर विंडो (पिछड़की खिड़की) निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेल मार्ग, पुल-पुलियों, समपार फाटकों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड विद्युत उपकरणों, स्टेशन परिसरों तथा अन्य रेल बुनियादी ढांचों की भौतिक स्थिति की जांच की। रेल खंड पर संचालित संरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने तथा निरोधात्मक रखरखाव पर विशेष बल दिया।
इस व्यापक निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग, विद्युत, टीआरएसओ, ट्रैक्शन, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य, परिचालन, गति शक्ति तथा रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी मंडल रेल प्रबंधक के साथ उपस्थित रहे। संबंधित विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित विकास परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से डीआरएम को अवगत कराया।
श्री प्रदीप कामले ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के समयबद्ध निष्पादन, यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण तथा नांदेड़ मंडल में परिचालन संरक्षा को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए सभी विभागों के मध्य उत्कृष्ट अंतर-विभागीय समन्वय के महत्व पर विशेष बल दिया।