विद्यालय में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा केवल दिवस का शुभारंभ मात्र नहीं होती, अपितु विद्यार्थियों के मन-मस्तिष्क पर सुसंस्कार अंकित करने वाला एक अत्यंत प्रभावी मंच होती है। इन कुछ मिनटों में विद्यार्थियों के भीतर सकारात्मकता, अनुशासन, नैतिक शिक्षा, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम के बीज बोए जा सकते हैं। यही कारण है कि प्रार्थना सभा का प्रत्येक शब्द, प्रत्येक संदेश और प्रत्येक गतिविधि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व पर दूरगामी प्रभाव डालती है।
तथापि, हाल के दिनों में कुछ विद्यालयों में प्रातःकालीन सभा के दौरान विद्यार्थियों की त्रुटियों को सबके सामने उजागर करने, उनके नाम लेकर उन्हें प्रताड़ित करने अथवा उनके आचरण पर सार्वजनिक रूप से टीका-टिप्पणी करने की प्रवृत्ति देखी जा रही है। अनुशासन स्थापित करने का उद्देश्य भले ही उचित हो, किंतु सार्वजनिक आलोचना इसके लिए सर्वथा अनुचित मार्ग है। इसके विपरीत, इस प्रकार के कृत्यों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास क्षीण होने, हीनभावना उत्पन्न होने और विद्यालय के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होने की आशंका बढ़ जाती है।
शैक्षणिक मनोविज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय शोध यह निरंतर स्पष्ट करते हैं कि सार्वजनिक अपमान के कारण विद्यार्थियों में भय, असुरक्षा, रोष और सामाजिक पृथकता की भावना जन्म ले सकती है। ऐसे विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता घट जाती है, शिक्षकों पर से उनका विश्वास डगमगा जाता है और कई बार उनके व्यवहार में अधिक नकारात्मक परिवर्तन देखे जाते हैं। परिणामतः अनुशासन सुधारने के स्थान पर स्थिति और अधिक जटिल होने का संकट उत्पन्न हो जाता है।
इसके विपरीत, विद्यार्थियों के सत्कृत्यों की सार्वजनिक सराहना करना, प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत करना, नैतिक मूल्यों पर बल देना और सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करना—इनसे संपूर्ण विद्यालय का वातावरण ऊर्जावान एवं उत्साहवर्धक बनता है। ऐसे सौहार्दपूर्ण वातावरण में विद्यार्थी स्व-अनुशासन, उत्तरदायित्व और परस्पर आदर जैसे मूल्यों को स्वाभाविक रूप से अंगीकार करते हैं।
व्यक्तिगत अनुशासनहीनता की घटनाओं के संदर्भ में, संबंधित विद्यार्थी, अभिभावक और कक्षा-अध्यापक की उपस्थिति में पृथक रूप से परामर्श (काउंसलिंग) द्वारा समाधान निकालना अधिक परिणामकारक सिद्ध होता है। विद्यार्थी का सम्मान अक्षुण्ण रखते हुए दी गई समझाइश, सार्वजनिक भर्त्सना की तुलना में अत्यधिक प्रभावी होती है।
आज विश्वभर के शिक्षाविद, यूनीसेफ (UNICEF), यूनेस्को (UNESCO) और अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन (APA) जैसी वैश्विक संस्थाएं भी “सकारात्मक अनुशासन” (पॉजिटिव डिसिप्लिन) की अवधारणा का समर्थन करती हैं। उनका मुख्य बल विद्यार्थियों की गरिमा की रक्षा करते हुए उनमें आत्म-अनुशासन, उत्तरदायित्व और सकारात्मक आचरण विकसित करने पर है।
अभिभावक आज केवल शैक्षणिक योग्यता तक सीमित नहीं हैं, अपितु वे इस बात को भी अत्यधिक महत्त्व देते हैं कि विद्यालय विद्यार्थियों के साथ कैसा संवाद स्थापित करता है, उनका सम्मान किस प्रकार सुरक्षित रखता है और उनकी त्रुटियों का सुधार कैसे करता है। यदि प्रार्थना सभा केवल सार्वजनिक दोषारोपण का केंद्र बन जाएगी, तो इसका प्रत्यक्ष प्रतिकूल प्रभाव विद्यालय की प्रतिष्ठा और अभिभावकों के विश्वास पर पड़ेगा।
प्रार्थना सभा विद्यार्थियों में भय उत्पन्न करने का नहीं, अपितु उन्हें प्रेरित करने का पावन स्थान होनी चाहिए। प्रत्येक दिवस का आरंभ सकारात्मक विचारों, मूल्य आधारित संदेशों, मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और श्रेष्ठ कार्यों की प्रशंसा के साथ होना चाहिए, जिससे विद्यालय का वातावरण अधिक आनंदमय, सुरक्षित और शिक्षा के अनुकूल बन सके।
अनुशासन नितांत आवश्यक है; किंतु वह विद्यार्थियों के स्वाभिमान को सुरक्षित रखते हुए, उनके आत्मविश्वास को संबल देने वाला और उन्हें एक श्रेष्ठ नागरिक बनाने वाला होना चाहिए।
सुरेंद्र पाथ्रीकर
— सविता राजगुरु, परभणी
