गंगाखेड़-पालम मार्ग पर कालाबाज़ारी के लिए ले जाया जा रहा 6 लाख का सरकारी गेहूं ज़ब्त
स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई; ट्रक चालक गिरफ्तार, वाहन सहित माल बरामद
गंगाखेड़ (विशेष संवाददाता): गंगाखेड़ से पालम मार्ग पर सोमवार, 29 जून की रात को अवैध रूप से ले जाया जा रहा सरकारी राशन का गेहूं स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने ज़ब्त करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक शेख अज़ीम को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत के आदेशानुसार तथा सहायक पुलिस निरीक्षक अशोक जायभाय के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जून को जब पुलिस दल गंगाखेड़ शहर में गश्त (पेट्रोलिंग) कर रहा था, तभी मुखबिर से एक अत्यंत गोपनीय और विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के मुताबिक, गंगाखेड़ से पालम की ओर जा रहे एक ट्रक क्रमांक एम एच 26 एई 4345 में अवैध रूप से कालाबाज़ारी के उद्देश्य से ऊंचे दामों पर बेचने के लिए राशन का गेहूं ले जाया जा रहा था।
निजी वाहन से पीछा कर पुलिस ने दबोचा
सूचना पुख्ता होने के बाद पुलिस टीम ने निजी वाहन से संदिग्ध ट्रक का पीछा किया। आर.के. मंगल कार्यालय के समीप, नहर (कैनल) के सामने सार्वजनिक सड़क पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रक को रोक लिया और उसे अपने नियंत्रण में ले लिया।
26 लाख रुपये की कुल सामग्री ज़ब्त
जब पुलिस द्वारा वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसमें बड़ी मात्रा में सरकारी गेहूं बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री ज़ब्त की:
- ट्रक: अनुमानित मूल्य 20लाख/- (बीस लाख रुपये)
- गेहूं: 50-50 किलोग्राम की कुल 600 बोरियां (300 क्विंटल), अनुमानित मूल्य 6,00000/- (छह लाख रुपये)
- कुल ज़ब्त माल: ₹26,00000/- (छब्बीस लाख रुपये)
आरोपी के पास नहीं था कोई परमिट
ट्रक चालक की पहचान शेख अज़ीम शेख अज़ीज़ ,उम्र 40 वर्ष, निवासी- देगलूर नाका, नांदेड़ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी चालक के पास इस गेहूं के परिवहन अथवा बिक्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज़, बिल्टी या लाइसेंस नहीं पाया गया। इसके पश्चात पुलिस ने ज़ब्त माल और सविस्तर रिपोर्ट के साथ आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए गंगाखेड़ पुलिस थाने को सुपुर्द कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पुलिस उपनिरीक्षक गणेश सवंडकर, पुलिस हवलदार लक्ष्मण कांगणे, नेताजी गित्ते तथा अनिल राठौड़ शामिल थे।
गैर कानुनी कार्य करनेवाले पर पुलिस कसं रही शिकंज–

