विद्यार्थी राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहें :
विद्यार्थी राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहें : डॉ. शिरीष कळमनुरीकर
श्री शिवाजी महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स की स्वास्थ्य परीक्षा संपन्न
परभणी:
“सैन्य क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य और सफलता सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों को संतुलित आहार, सकारात्मक दृष्टिकोण तथा नियमित व्यायाम के साथ-साथ राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।” यह विचार डॉ. शिरीष कळमनुरीकर ने व्यक्त किए। वे श्री शिवाजी महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
महाविद्यालय के एनसीसी विभाग तथा ५२ महाराष्ट्र बटालियन (नांदेड़) के संयुक्त तत्वावधान में हाल ही में एनसीसी कैडेट्स की चयन प्रक्रिया पूर्ण की गई थी। इस चयन के उपरांत चयनित विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास केशट्टी, विभागाध्यक्ष मेजर डॉ. प्रशांत सराफ तथा डॉ. संतोष कोकील प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
संबोधन को आगे बढ़ाते हुए डॉ. कळमनुरीकर ने कहा, “राष्ट्र की वास्तविक शक्ति युवा पीढ़ी में निहित है। यदि युवा सक्षम होंगे, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। अतः युवाओं को प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम बनने का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। इसके लिए नियमित शारीरिक व्यायाम, पोषक आहार और देशसेवा का भाव अत्यंत आवश्यक है।” उल्लेखनीय है कि डॉ. कळमनुरीकर विगत २० वर्षों से निरंतर निःस्वार्थ एवं निःशुल्क भाव से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उप-प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास केशट्टी ने कहा कि विद्यार्थियों को एनसीसी के मूल ध्येय वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे एनसीसी के माध्यम से जीवन में अनुशासन को आत्मसात करें।
कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं मंच संचालन मेजर डॉ. प्रशांत सराफ ने किया, जबकि डॉ. संतोष कोकील ने सभी के प्रति धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।