परभणी के स्थानीय अपराध शाखा ने वाहन चोरों के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कर परभणी और बीड जिले के चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
26 नवंबर को स्थानीय अपराध शाखा की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली पुख्ता गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। आरोपियों की पहचान शेख इरफान शेख शरीफ (18, निवासी साईं बाबा नगर, वांगी रोड, परभणी), शेख अरबाज शेख मोहम्मद (18, निवासी साईं बाबा/करीम नगर, मस्जिद के पास, परभणी) और तहा अब्दुल हक शेख (18, निवासी आनंद नगर, मदीना पाटी, धार रोड, परभणी) के रूप में हुई है।
सख्ती से पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने ताडकळस, पूर्णा और बीड जिले के परळी शहर से दोपहिया वाहन चुराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल चार मोटरसाइकिलें जब्त कर विधिवत पंचनामा तैयार किया है। इस कार्रवाई से निम्नलिखित चार अपराध उजागर हुए हैं:
- ताडकळस थाना: अपराध क्रमांक 306/26 एवं 174/26 (धारा 303(2) BNS)
- पूर्णा थाना: अपराध क्रमांक 283/26 (धारा 303(2) BNS)
- परळी शहर थाना जिला बीड: अपराध क्रमांक 259/26 (धारा 303(2) BNS)
आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए तीनों आरोपियों को ताडकळस पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहाँ मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत (IPS) के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक गजेंद्र सरोदे, मानवत थाने के API दर्शन शिंदे, स्थागुशा के PSI चंदनसिंह परिहार, GPSI मधुकर चट्टे, पुलिस कांस्टेबल निलेश भुजबळ, सुग्रीव केंद्रे, हवलदार उमर (मानवत), माणिक डुकरे, सूर्यकांत फड, विष्णु चव्हाण, विलास बहुरे और बालासाहेब सपकाळ ने अंजाम दिया।