
मुंबई:
कैलाश मानसरोवर यात्रा संपन्न कर स्वदेश वापसी के दौरान तिब्बत के सागा में फंसे महाराष्ट्र के ३७ तीर्थयात्री सकुशल काठमांडू के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की त्वरित पहल और हस्तक्षेप के उपरांत, सभी तीर्थयात्रियों को आज प्रातः ६:०० बजे सागा से न्यलम जांच चौकी (चेक पोस्ट) के मार्ग से काठमांडू की ओर प्रस्थान कराया गया।
ठाणे, पुणे, अलीबाग, रायगढ़ और डोंबिवली परिक्षेत्र के ३७ श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। वापसी की यात्रा के दौरान वे तिब्बत के सागा क्षेत्र में अवरुद्ध हो गए थे। काठमांडू से उनकी वापसी की उड़ान २९ अगस्त को अपराह्न २:०० बजे निर्धारित थी, जिसके चलते उनका समय पर काठमांडू पहुंचना अत्यंत अनिवार्य था।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने अविलंब भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से संपर्क स्थापित कर आवश्यक राजनयिक एवं प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित कराई, जिससे सभी यात्रियों की सागा से काठमांडू तक की सुरक्षित वापसी यात्रा प्रारंभ हो सकी। इस विकट परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने हेतु सभी श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री फडणवीस, महाराष्ट्र शासन तथा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।