
परभणी-ग्रामजागर की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। महात्मा फुले, महात्मा गांधी, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर तथा संत तुकडोजी महाराज ने अपने आचरण और विचारों के माध्यम से ग्रामजागर की संकल्पना को आगे बढ़ाया और इसे अपने साहित्य में भी उतारा। वर्तमान दौर के साहित्यकारों को भी इन्हीं महापुरुषों का आदर्श अपनाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अपने साहित्य के माध्यम से ग्रामजागर की बात रखनी चाहिए। यह प्रतिपादन ग्रामजागर साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. इंद्रजीत भालेराव ने शनिवार दिनांक 27 नवंबर को किया।
मराठी भाषा विभाग (महाराष्ट्र शासन), महाराष्ट्र राज्य साहित्य और संस्कृति मंडल (मुंबई) तथा अरुणोदय बहुउद्देशीय सेवाभावी संस्था चाटोरी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार और रविवार को दो दिवसीय ग्रामजागर साहित्य सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
इस सम्मेलन के अध्यक्ष के रूप में कवि इंद्रजीत भालेराव संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर स्वागताध्यक्ष कृषिभूषण कांतराव देशमुख, उद्घाटक प्राचार्य डॉ. दीनानाथ फुलवाडकर, प्रमुख अतिथि विधायक डॉ. राहुल पाटिल, विधायक डॉ. रत्नाकर गुट्टे, मुद्रांक जिलाधिकारी महेश वडदकर, रेखाताई गुट्टे, डॉ. राजेश गायकवाड, बा. बा. कोटंबे, डॉ. शिवाजी शिंदे, नरहरी ढगे, विजय ढाकणे, माणिक पुरी, माधव गव्हाणे, एकनाथ सालवे, भाऊसाहेब भोसले, गोविंद तुरनर, आयोजक प्रो. संदीप किरडे, सचिन जोशी, सुभाष ढगे तथा प्राचार्य डी. बी. पवार उपस्थित थे।
इंद्रजीत भालेराव ने ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक जागर के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि साहित्य के माध्यम से होने वाला यह नवजागर गांवों के लिए कितना महत्वपूर्ण है। वारकरी संप्रदाय में तत्वज्ञान की नींव संत नामदेव ने रखी, यह कहते हुए उन्होंने क्रांतिकारी संत और सभी संतों से असीम प्रेम करने वाली संत जनाबाई की महिमा का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामजागर में महात्मा फुले और राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज का भी उतना ही महत्वपूर्ण योगदान है। इस दौरान उन्होंने हिंदी साहित्यकार राहुल सांकृत्यायन तथा बापू अडकीने की ग्रामजागर से संबंधित पुस्तकों का उल्लेख किया। सम्मेलन अध्यक्ष भालेराव ने यह भी कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और महात्मा गांधी के बीच आपसी वैचारिक मतभेद जरूर थे, लेकिन ग्रामजागर की मुहिम में दोनों का ही बड़ा योगदान रहा है।
उद्घाटकीय भाषण में डॉ. दीनानाथ फुलवाडकर ने कहा कि साहित्य सृजन के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने आह्वान किया कि साहित्यकारों को सजगता के साथ समाज की समस्याओं पर चिंतन कर उन्हें अपने साहित्य में स्थान देना चाहिए। इस अवसर पर अतिथियों के कर-कमलों द्वारा प्रो. सुभाष ढगे एवं डॉ. श्रेया रसाल-बोबडे द्वारा संपादित स्मारिका ‘ग्रामजागर’, डॉ. फुलवाडकर लिखित काव्यसंग्रह ‘आजीची आमराई’ तथा वेदांत ढगे की पुस्तक ‘शब्दांच्या पाऊलखुणा’ का विमोचन किया गया।
अतिथियों का स्वागत बाल विद्यामंदिर हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया। साहित्य सम्मेलन की शुरुआत में ग्रंथदिंडी का उद्घाटन ह.भ.प. अच्युत महाराज दस्तापुरकर, ह.भ.प. मुंजाभाऊ लोहरेकर और रेखाताई गुट्टे के हाथों किया गया। वहीं, ग्रंथ प्रदर्शनी तथा पक्षी छायाचित्रों की दीर्घा का उद्घाटन मुद्रांक जिलाधिकारी महेश वडदकर ने किया।
समारोह के दौरान सफल कार्यकाल पूर्ण करने वाले डॉ. शिवाजी शिंदे और शिक्षक माधव गव्हाणे को मानपत्र, स्मृतिचिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक डॉ. राहुल पाटिल, कांतरावकाका देशमुख, डॉ. शिवाजी शिंदे, रेखाताई गुट्टे और डॉ. राजेश गायकवाड ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सूत्रसंचालन डॉ. जयंत बोबडे ने किया, प्रस्तावना प्रो. सुभाष ढगे ने रखी तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्य डी. बी. पवार ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

