
परभणी:
कलाकारों को उचित मंच और पहचान दिलाने वाली संस्था ‘कला संवाद’ द्वारा 21 अगस्त 2026 को मुंबई की प्रतिष्ठित ताज आर्ट गैलरी में चौथी सामूहिक कला प्रदर्शनी (ग्रुप आर्ट एग्जिबिशन) का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित कला प्रदर्शनी में परभणी के चित्रकार सुशील घुंबरे उर्फ ‘काका’ की कलाकृतियों को विशेष स्थान प्राप्त हुआ है।
यह एक दिवसीय सामूहिक कला प्रदर्शनी मुख्य रूप से कलाकारों के संवर्धन और उनके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर के विभिन्न ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों के साथ सहभागिता कर रहे हैं।
नवी मुंबई, महाराष्ट्र के सुप्रसिद्ध कलाकार सुशीलकुमार एन. घुंबरे (उर्फ काका) की उपस्थिति इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी। उनकी अनूठी कलाकृतियां इस प्रदर्शनी को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करेंगी।
’कला संवाद’ संस्था विगत कई वर्षों से नवोदित एवं स्थापित कलाकारों को एकजुट कर उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने का कार्य कर रही है। इससे पूर्व भी संस्था द्वारा कई सफल प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा चुका है।
मुंबई स्थित होटल ताज की आर्ट गैलरी में 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। यहाँ विभिन्न माध्यमों से निर्मित विशिष्ट चित्र, मूर्तियां और अन्य कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।