
परभणी:
स्थानीय स्व. श्रीमती कमलताई जामकर महिला महाविद्यालय में स्व. श्रीमती कमलताई जामकर की जयंती के अवसर पर उत्कृष्ट महिला शिक्षिकाओं, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनके कार्यों को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार वितरण समारोह 3 सितंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
समारोह की अध्यक्षता नूतन विद्या मंदिर शिक्षा संस्था, परभणी के उपाध्यक्ष माननीय अधिवक्ता किरणराव सुभेदार ने की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से संस्था के अध्यक्ष श्री हेमंतराव जामकर, कोषाध्यक्ष डॉ. अभयराव सुभेदार, सचिव श्री विजयराव जामकर, सह-सचिव डॉ. संजयराव टाकळकर, संचालक अधिवक्ता मंगेशराव सुभेदार, संचालक श्री गोविंदराव नादांपूरकर, संचालिका श्रीमती दीपलक्ष्मीताई जामकर, श्रीमती सोनियाताई जामकर, हर्षल सुभेदार, प्राचार्य डॉ. रामचंद्र भिसे, प्राचार्य मनोहर पुरी, मुख्याध्यापक जी. एन. शिंदे, कच्छवे एवं श्रीमती कविता उंडाळकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस अवसर पर नूतन विद्या मंदिर शिक्षा संस्था में कार्यरत शिक्षिकाओं में से इसवर्ष का ‘उत्कृष्ट शिक्षिका पुरस्कार’ श्रीमती माधवी देशपांडे व श्रीमती छाया बुलबुले को प्रदान किया गया। ‘उत्कृष्ट शिक्षकेतर कर्मचारी पुरस्कार’ से अनुजा पंडित को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त ‘उत्कृष्ट छात्रा पुरस्कार’ कुमारी संस्कृति पद्मवार, जयश्री भालेराव, लावण्या रुघे तथा नव्या राष्ट्रकूट को प्रदान किया गया। सभी पुरस्कृत शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न,कंबल तथा नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
जयंती के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा परभणी जनपद के ‘प्राचीन मंदिर स्थापत्य चित्र प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। साथ ही, राजमाता जिजाऊ स्त्री अध्ययन केंद्र तथा बी.वॉक (फैशन टेक्नोलॉजी एवं ब्यूटीफिकेशन विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क सिलाई व सौंदर्य प्रसाधन (ब्यूटी पार्लर) कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में 50 छात्राओं ने सहभागिता की। छात्राओं द्वारा निर्मित परिधानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई तथा प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा प्रतिमा पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संगीत विभाग के प्रा. डॉ. रवींद्र इंगळे, ज्ञानेश्वर पाथरकर एवं छात्राओं ने ‘कमलगीत’ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक प्राचार्य डॉ. रामचंद्र भिसे ने रखा। इस अवसर पर श्री विजयराव जामकर ने स्व. कमलताई के प्रति अपने विचार व भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रा. डॉ. आशा गिरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. पल्लवी कुलकर्णी ने किया।