गोकुल नगर एवं जनप्रिय कॉलोनी का कचरा-केंद्र बंद; परिसर का सौंदर्यीकरण
परभणी महानगरपालिका द्वारा 'सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ' अभियान के अंतर्गत त्वरित कार्रवाही

परभणी (विशेष प्रतिनिधि):
परभणी महानगरपालिका की ओर से ‘स्वच्छ भारत अभियान 2.0’ के अंतर्गत संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” मुहिम के तहत गुरुवार (23 जुलाई) को प्रभाग क्रमांक 4 स्थित गोकुल नगर मोड़ तथा जनप्रिय कॉलोनी मोड़ पर बने बड़े कचरा-केंद्रों (गारबेज डंपिंग प्वाइंट) को स्थायी रूप से बंद कर उस स्थान का सौंदर्यीकरण किया गया।
यह विशेष स्वच्छता अभियान महापौर सैयद इकबाल, आयुक्त एवं प्रशासक नितिन नार्वेकर, उपमहापौर गणेश देशमुख तथा स्थायी समिति की सभापति प्रतिभाताई अतुल सरोदे की संकल्पना से एवं उपायुक्त तुकाराम कदम के मार्गदर्शन में निष्पादित किया गया। स्वच्छता निरीक्षक प्रह्लाद देशमाने तथा उनके सफाई कर्मियों ने कचरा-केंद्र को बंद करने की प्रभावी कार्रवाई करते हुए संपूर्ण परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक रूप प्रदान किया।
इस अवसर पर महानगरपालिका प्रशासन द्वारा नागरिकों से भावुक अपील की गई—
“अपने नगर, अपने वार्ड और अपने परिसर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। घर का कचरा सड़कों अथवा खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय केवल महानगरपालिका की कचरा-गाड़ी (घंटागाड़ी) में ही डालें। नागरिकों के सक्रिय सहयोग से ही परभणी नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं रोगमुक्त बनाया जा सकता है।”
इस कार्यक्रम में पूर्व सभापति अतुल सरोदे, सम्मानीय सदस्य अक्षय (भैया) देशमुख, विश्वजीत बुधवंत, जुकटे मैडम, वेंकटेश जुकटे, नगर समन्वयक तुराब खान, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक श्रीकांत कुर्रा, स्वच्छता निरीक्षक प्रह्लाद देशमाने, प्रभाग के मुकादम सहित अनेक सफाई कर्मचारी उपस्थित थे।