गुप्तेश्वर मंदिर बचाओ संघर्ष समिति के शिष्टमंडल ने उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से की भेंट

परभणी
गंगाखेड तहसील के अंतर्गत मौजा धारासुर स्थित प्राचीन ऐतिहासिक राज्य संरक्षित स्मारक ‘गुप्तेश्वर मंदिर’ के संरक्षण, संवर्धन एवं जीर्णोद्धार कार्यों को उचित पद्धति से तथा उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की मांग की गई है। इस संबंध में गुप्तेश्वर मंदिर बचाओ संघर्ष समिति के एक शिष्टमंडल ने राज्य के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके ठाणे स्थित ‘शुभ दीप’ निवास स्थान पर भेंट कर एक ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि नए पत्थरों को प्राचीन पत्थरों के सदृश कलाकृति, नक्काशी तथा खांच-खूंटी (इंटरलोक) पद्धति से तराशने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आदेश दिए जाएं।
इस अवसर पर गुप्तेश्वर मंदिर बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य तथा गुप्तेश्वर धारासुर न्यास ट्रस्टी समिति के सदस्य निवृत्ति कदम, जयराम कदम, अशोक शिंदे सहित धारासुर के ग्रामीणों ने उप-मुख्यमंत्री को परभणी जिले की इस वैभवशाली प्राचीन विरासत की छायाचित्र (फोटो) प्रति भेंट की। शिष्टमंडल ने ‘गुप्तेश्वर भगवान की जय’ के उद्घोष के साथ यह भेंट सौंपी और उप-मुख्यमंत्री से अपने आगामी परभणी दौरे के समय गुप्तेश्वर मंदिर के संरक्षण, संवर्धन व जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन एवं निरीक्षण करने का सादर आग्रह भी किया।
