रेलवे सुरक्षा बल, नांदेड़ मंडल का जून 2026 में उल्लेखनीय प्रदर्शन; यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान प्रभावी
नांदेड़: नांदेड़ मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जून 2026 माह में रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति के संरक्षण, गुमशुदा व्यक्तियों एवं खोए हुए सामान की खोज, महिला यात्रियों को सुरक्षा व सहायता प्रदान करने तथा रेलवे परिसर में कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विभिन्न विशेष अभियानों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
इन विशेष अभियानों से रेल यात्रियों में सुरक्षा की भावना अधिक सुदृढ़ हुई है। इसके अंतर्गत रेलवे संपत्ति की रक्षा, अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, यात्रियों का छूटा हुआ सामान खोजकर उन्हें सौंपने, अल्पवयस्क बच्चों के संरक्षण, महिला यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा रेलवे अधिनियम के अंतर्गत नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गई।
जून 2026 की मुख्य उपलब्धियां:
- ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’: इसके अंतर्गत 3 अल्पवयस्क बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराकर बाल कल्याण समिति को सौंपा गया।
- ऑपरेशन ‘अमानत’: खोए हुए सामान से संबंधित 10 घटनाओं में कुल ₹2,05,500/- मूल्य की संपत्ति खोजकर संबंधित यात्रियों को वापस लौटाई गई।
- ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’: यात्रियों के सामान की चोरी से संबंधित 17 अपराधों का पटाक्षेप किया गया। इस संबंध में 22 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से ₹1,09,000/- मूल्य की चोरी की संपत्ति जब्त की गई। आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए उन्हें शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया।
- ऑपरेशन ‘मेरी सहेली’: यात्रा के दौरान 1,997 महिला यात्रियों को सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
- ऑपरेशन ‘रेल सुरक्षा’: रेलवे संपत्ति की चोरी के संदर्भ में 4 अभियोग पंजीकृत कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 8,27,099/- मूल्य की रेलवे संपत्ति बरामद की गई।
- रेलवे अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई: अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 341 मामलों में 284 व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई कर 32,535/- का अर्थदंड (जुर्माना) वसूला गया। इसके अतिरिक्त ‘जन विश्वास अधिनियम’ के अंतर्गत 118 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 84,000/- का अर्थदंड आरोपित किया गया।
यात्री सामान चोर गिरोह पर त्वरित कार्रवाई
दिनांक 06 जुलाई 2026 को परभणी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के सीआईबी (क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच) दल तथा जीआरपी परभणी की संयुक्त कार्रवाई में गाड़ी संख्या 17662 (निज़ामाबाद-काचीगुड़ा एक्सप्रेस) के सामान्य कोच में चढ़ने वाले यात्रियों की भीड़ का लाभ उठाकर सामान चोरी करने का प्रयास कर रहे चार संदिग्धों को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान संदिग्ध अपनी संदिग्ध गतिविधियों के विषय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। उन्हें अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी परभणी के सुपुर्द कर दिया गया। इस प्रकरण में अपराध संख्या 152/2026 के तहत महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 110 एवं 117 के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर आगे का अन्वेषण (जांच) प्रारंभ कर दिया गया है।
साइबर तकनीक की सहायता से मोबाइल चोर बंदी
रेल यात्रियों के चोरी हुए मोबाइल फोन की खोज के लिए रेलवे सुरक्षा बल के सीआईबी दल और जीआरपी ने संयुक्त रूप से एक और महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है।
गुंटूर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 17253) से चोरी हुए ₹15,999/- मूल्य के सैमसंग मोबाइल फोन को साइबर तकनीक के माध्यम से ट्रैक किया गया। प्राप्त लोकेशन के आधार पर आरोपी रोहित शंकर खानपटे ,निवासी: आनंद नगर, परभणी) को बंदी बनाकर उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया गया है, जिसका संबंध जीआरपी नांदेड़ के अपराध संख्या 588/2025 से पाया गया है।
रेल यात्रियों से अपील
श्री दीपचंद्र आर्य, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, नांदेड़ ने समस्त रेल यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क एवं जागरूक रहने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की है कि यात्री अपने सामान और व्यक्तिगत वस्तुओं पर निरंतर ध्यान रखें, अपरिचित व्यक्तियों पर विश्वास न करें तथा उनसे भोजन, पेय जल, शीतल पेय अथवा अन्य कोई भी खाद्य पदार्थ स्वीकार न करें। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों तथा रेल यात्रा के समय मोबाइल फोन, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकद धनराशि, आभूषण एवं अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की विशेष देखरेख करें।
यात्री केवल वैध यात्रा टिकट अथवा प्राधिकृत यात्रा अनुमति पत्र के साथ ही यात्रा करें। यात्रा के दौरान यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अथवा कर्तव्य पर उपस्थित किसी भी रेल कर्मचारी को सूचित करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति अथवा त्वरित सहायता के लिए ‘रेल मदद’ हेल्पलाइन संख्या 139 पर संपर्क करें।
यात्रा के समय महिला यात्रियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई, असुरक्षा अथवा असुविधा की अनुभूति होने पर वे बिना किसी संकोच के तुरंत रेलवे सुरक्षा बल से संपर्क करें। “मेरी सहेली” पहल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल के समर्पित कर्मचारी महिला यात्रियों को चौबीसों घंटे सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और सुखद हो सके।
“आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी प्रतिभूति (गारंटी) है।”
रेलवे सुरक्षा बल, नांदेड़ मंडल रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति के संरक्षण तथा रेलवे परिक्षेत्र में कानून व व्यवस्था अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक एवं प्रभावी उपायों के माध्यम से निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाइयां जारी रखेगा।
