ताडकळस टी-पॉइंट पर भीषण सड़क हादसा: टिप्पर की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत, पिता गंभीर रूप से घायल
खुन से लथपथ सड़क पर गिरे पिता-पुत्र; पूर्णा क्षेत्र में शोक की लहर
पूर्णा- पूर्णा शहर के निकट ताडकळस टी-पॉइंट क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार टिप्पर और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में 29 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
मृतक युवक की पहचान मो. सिद्दीक जिलानी शेख ,आयु 29 वर्ष, निवासी सातेफळ, तहसील पूर्णा, जिला परभणी के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके पिता का नाम शेख जिलानी वजीरशाह ,आयु 56 वर्ष है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिद्दीक अपने पिता के साथ मंगलवार दोपहर मोटरसाइकिल क्रमांक एम एच-22/एवाई-5403 पर संवार होकर सातेफळ से पूर्णा शहर की ओर आ रहे थे। दोपहर लगभग 3:30 बजे ताडकळस टी-पॉइंट पर, पूर्णा से ताडकळस की दिशा में तीव्र गति से जा रहे एक टिप्पर क्रमांक एम एच-11/एम-6899 ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल संवार पिता-पुत्र उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खुन
बहने से वहां उपस्थित नागरिक स्तब्ध रह गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए ग्रामीण अस्पताल पहुँचाया। हालाँकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत सिद्दीक को मृत घोषित कर दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल शेख जिलानी के सिर में गहरी चोट लगने के कारण, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत नांदेड़ रेफर कर दिया गया है। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्णा पुलिस थाने के निरीक्षक सचिन बेंद्रे, पुलिस हवलदार सुरेश चव्हाण, पुलिस हवलदार देविदास सानप आदि ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया है। पूर्णा पुलिस मामले की अग्रिम जांच कर रही है।

